पत्नी की हत्या कर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार.......गिरफ्तारी से बचने तमिलनाडु में छिपकर काट रहा था फरारी

raigarh l पत्नी की हत्या कर करीब चार माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस क़ो सफलता मिली है। थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को फरार आरोपी के गांव आने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा को गिरफ्तार किया। आरोपी घटना के बाद से तमिलनाडु में फरारी काट रहा था।
विदित हो कि थाना कापू मृतिका ननकी बाई पहाड़ी कोरवा पति कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा, उम्र 30 वर्ष, निवासी गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा की मृत्यु के संबंध में मर्ग जांच की जा रही थी। 4 जून को घटना को लेकर मर्ग इंटिमेशन दर्ज किया गया, मर्ग जांच के दौरान मृतिका के पिता जीतन राम पहाड़ी कोरवा सहित प्रत्यक्षदर्शी एवं अन्य गवाहों के कथन लिए गए। गवाहों द्वारा बताया गया कि 3 जून को मृतिका का पति आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते हुए इंचपारा से गुड़ाआमा की ओर ले जा रहा था। गाड़ा घुटरा जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास आरोपी द्वारा मृतिका के साथ हाथ-मुक्का, डंडा एवं पत्थर से मारपीट की गई, जिससे उसके सिर, गाल, चेहरे, आंख, पीठ, जांघ एवं कोहनी में गंभीर चोटें आईं और उसकी मृत्यु हो गई। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक द्वारा मृतिका की मृत्यु को हॉमिसाइडल एवं हत्यात्मक प्रकृति का होना लेख किया गया। मर्ग जांच में आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा के विरुद्ध अपराध घटित करना पाए जाने पर उसके विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था तथा उसके तमिलनाडु में होने की जानकारी पुलिस को मिल रही थी। इसी क्रम में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को सूचना मिली कि हत्या का फरार आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा अपने गांव गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा आया हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना दिनांक को वह अपनी पत्नी ननकी बाई के साथ चावल खरीदने ग्राम घोघरा बाजार गया था। रास्ते में दोनों ने शराब का सेवन किया था। वापस घर आते समय गाड़ा घुटरा जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास उसकी पत्नी नशे की हालत में रास्ते में सो गई। घर चलने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी के साथ हाथ-मुक्का एवं वहीं से लकड़ी डंडा उठाकर मारपीट की तथा पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर बार-बार वार कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।