छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना 2026 का भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की ओर से प्रदेश संयोजक अनुपम पाल ने स्वागत किया है। प्रकोष्ठ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए योजना को प्रदेश की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।
सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनुपम पाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोक कला, लोक संस्कृति और सदियों पुरानी पारंपरिक विरासत से है। इन परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में लोक कलाकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना 2026 कलाकारों को आर्थिक संबल देने के साथ उनकी कला साधना को निरंतर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र एवं चयनित लोक कलाकारों को प्रतिवर्ष 12 हजार से 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इससे प्रदेश के लोक कलाकारों को आर्थिक सहयोग मिलने के साथ अपनी कला और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।अनुपम पाल ने प्रदेश के सभी पात्र लोक कलाकारों से अपील की है कि वे योजना की निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर इसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने और लोक कलाओं की अगली पीढ़ी तक पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
सांस्कृतिक प्रकोष्ठ ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लोक कला, लोक संस्कृति और कलाकारों के सम्मान एवं संरक्षण के लिए आगे भी जनहितकारी निर्णय लेती रहेगी। इससे छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलने के साथ प्रदेश के लोक कलाकारों का सम्मान और मनोबल भी बढ़ेगा।
