उगते सूर्य क़ो अर्घ्य देकर हुआ छठ पूजा का समापन.......विभिन्न घाटों पर पूरा वातावरण श्रद्धा और आस्था से सराबोर नजर आया

Advertisement Carousel

Raigarh l सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के आज अंतिम दिन उगते सूर्य क़ो अर्घ्य दिया गया l वहीं घाट पर छठी मईया की पूजा अर्चना की गई l चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा l रायगढ़ शहर में केलो नदी किनारे जुट मिल लेबर कालोनी में मेले जैसा माहौल रहा औऱ पूरा घाट छठी मइया के गीतों, दीपों और आस्था की रोशनी से जगमगा उठा। व्रतियों के चेहरे पर कठिन उपवास के बाद भी अद्भुत तेज और संतोष था। हज़ारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य क़ो अर्घ्य दे कर पूजा का समापन किया l इसके साथ ही नदी के खर्रा घाट, कयाघाट, SECL घाट सहित विभिन्न तालाबों में भी पूजा अर्चना की गई l सुबह सूर्योदय से पहले ही श्रद्धालु छठ घाटों पर पहुंचने लगे थे। जैसे ही सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, व्रतियों ने विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसी के साथ 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण कर छठ महापर्व का समापन किया गया। घाटों पर छठी मैया के गीतों और भक्तिमय माहौल के बीच पूरा वातावरण श्रद्धा और आस्था से सराबोर नजर आया।