कमजोर वर्ग के मकानों पर बुलडोज़र चलाने वाली प्रशासन उच्च वर्ग के सामने नतमस्तक

Advertisement Carousel

रायगढ़ l शासकीय भूमि पर अतिक्रमण रोकने की जिम्मेदारी जिसकी है वही अब बेजाकब्जाधारियों के सामने लाचार नज़र आ रहा है l कमजोर वर्ग के मकानों पर बुलडोज़र चलाने वाली प्रशासन अब उच्च वर्ग के सामने नतमस्तक होते हुए अतिक्रमित जमीनों पर भूमि स्वामी हक देने की पैरवी कर रहा है। पूर्व में टीपाखोल नहर को पाटकर उस पर कब्जा करने वालों को बेदखली का नोटिस दिया गया था, लेकिन उसके बाद प्रशासन ने पलटी मारी और जमीन राजस्व विभाग को सौंपने की फाइल बढ़ा दी ताकि अतिक्रमण करने वालों क़ो पट्टा देने कर मामले का पटाक्षेप किया जा सके l
    सिंचाई के संसाधनों की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। जो जलाशय किसान को सुविधा देने के लिए बनाए गए थे, अब वे टूरिस्ट स्पॉट बनते जा रहे हैं। टीपाखोल डैम भी इसका एक उदाहरण है। वर्ष 2020 में टीपाखोल की नहर से अतिक्रमण हटाने के लिए 46 फर्मों और निजी लोगों को नोटिस दिए गए थे। रायगढ़ जिले में सिस्टम कितना बेबस है, यह टीपाखोल डैम की नहर मामले में दिख जाता है। इस जलाशय का निर्माण खेतों में सिंचाई के लिए हुआ था। 1974-75 में जल संसाधन विभाग ने टीपाखोल डैम से 7 गांवों के किसानों की 9 सौ हेक्टेयर खेतों को सींचने के लिए खैरपुर से लेकर ढिमरापुर, जगतपुर गुड़ाखू फैक्ट्री तक एक बड़ी और कुछ छोटी नहरों का निर्माण किया था। विभाग ने करीब 11 हे. कृषि भूमि अधिग्रहित की थी। इस नहर की लंबाई करीब 16 किमी थी, लेकिन लो प्रेशर, पानी की कमी और नहरें क्षतिग्रस्त होने से अंतिम छोर तक पानी आना बंद होने लगा। भगवानपुर और जगतपुर इलाके में नहर को सूखी देखकर अतिक्रमण शुरू हुए। नहर को पाटकर गायब कर दिया गया। 2018 में मामला उठा तो जांच हुई। करीब 46 फर्म और लोगों के अवैध कब्जे पाए गए। 2020 में सभी को नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद बेदखली होनी थी लेकिन मामला पलट गया। तत्कालीन कलेक्टर ने सचिव जल संसाधन विभाग को पत्र लिखकर कहा कि योजना की दाईं तट नहर की भूमि पर अतिक्रमण कर पक्का मकान, कॉम्पलेक्स आदि बना लिए गए हैं। जेएसपीएल ने भी अतिक्रमण किया है। अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व विभाग की टीम बनाई गई थी लेकिन कब्जा नहीं हटा। इसलिए कब्जाधारकों को व्यवस्थापन कराया जाना है। इसके लिए भूमि को जल संसाधन विभाग से राजस्व विभाग को हस्तांतरित किया जाना होगा। आगे नहीं बढ़ी फाइल क्योंकि प्रावधान नहीं है जल संसाधन विभाग ने 4 मार्च 2020 को 46 अतिक्रामकों को जारी नोटिस में कहा था कि 15 दिनों के अंदर अतिक्रमण नहीं हटाने पर सिंचाई अधिनियन 1931 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई राजस्व विभाग को करनी थी। जल संसाधन विभाग को कहा गया कि वह नहर के लिए अधिग्रहित भूमि राजस्व विभाग को सौंप दे। ताकि जमीनों पर भूमिस्वामी हक का पट्टा दिया जाए। लेकिन नियमों में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है।
अब आगे क्या?
नहर के लिए अधिग्रहित भूमि पर जल संसाधन विभाग का नाम दुरुस्त किया जा चुका है। सिंचाई विभाग के रिकॉर्ड में खैरपुर, पतरापाली, सरायपाली, गोरखा, भगवानपुर, जगतपुर और कलमी तक नहरें मौजूद हैं। क्या नहर की जमीन राजस्व विभाग के नाम करने के बाद उसे निजी लोगों को आवंटित किया जा सकेगा? ऐसा नहीं हो सकता इसलिए मामला अटक गया। अब अतिक्रमण भी नहीं हट रहा है।