तमनार में महिला पुलिसकर्मी से मारपीट मामले में गिरफ्तार आरोपियों को जेल दाखिल करने के दौरान जमकर हंगामा हुआ। महिला पुलिस आरक्षकों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली वे जेल परिसर पहुंची और पुलिस की गाड़ी रोक दी। महिला आरक्षक आरोपी को उनके सामने पेश करने की मांग कर रही थी। मामले को लेकर देर तक हंगामें की स्थिति रही। कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला किसी तरह शांत हुआ। दरअसल तमनार में महिला पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट की घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मीडिया के दबाव के चलते आखिरकार पुलिस ने दो लोगों की गिरफ्तारी की। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों मंगल राठिया उर्फ करम राठिया निवासी आमगांव और चीनेश खम्हारी निवासी आमगांव को गिरफ्तार कर जिला जेल दाखिल किया। जेल दाखिल करने के दौरान जेल के मेन गेट पर महिला पुलिस आरक्षक जमा हो गई। महिलाओं का कहना था कि आरोपियों को उनके सामने लाया जाए और न आरोपियों का जुलूस निकाला जाए। मामले को लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया इसके बाद महिलाएं शांत हुई। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर महिला आरक्षकों ने मीडिया से भी दूरी बनाई और मामले पर बात करने से भी इंकार कर दिया। मामले में डीएसपी का कहना है की घटना से महिलाएं काफी आक्रोशी थी इसलिए उनका गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं को समझाइश दी गई जिसके बाद वे शांत हो गए।

You missed