धान खरीदी के लिए बमुश्किल आठ कार्य दिवस शेष है लेकिन जिले में अभी भी शत प्रतिशत किसानों से धान खरीदी नहीं हो पाई है। उल्टे किसानों को टोकन जारी नहीं किया जा रहा है, किसानों का रकबा भी समर्पण कराया जा रहा है। इस मामले को लेकर खरसिया विधायक उमेश पटेल सोमवार को किसानों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे, और एडीएम से मिलकर मामले की लिखित शिकायत की। उमेश पटेल का कहना था कि जिले में अभी भी बड़ी संख्या में किसान धान खरीदी से वंचित हैं, लेकिन फिर भी किसानों को टोकन जारी नहीं किया जा रहा है। पात्र किसानों को भी आरआई पटवारियों से भौतिक सत्यापन के बाद धान खरीदने कहा जा रहा है। इतना ही नहीं जिले में अभी भी कई किसान एक दाना धान नहीं बेच पाए हैं। इधर जिला प्रशासन किसानों को टोकन जारी नहीं कर रहा। ऐसे में किसान परेशान हो रहे हैं। उमेश पटेल का कहना था कि सरकार ने एक-एक दाना खरीदने की बात कही थी और अब किसानों को रकबा समर्पण और टोकन जारी करने के नाम पर परेशान किया जा रहा है, जो कि किसानों के साथ अन्याय है। अगर किसानों से शत प्रतिशत धान नहीं खरीदा गया तो सारे किसान मिलकर कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे। इधर मामले में एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो का कहना था कि किसानों की समस्याओं की जानकारी मिली है, शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए हैं।

