रायगढ़ l युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष जायसवाल के नेतृत्व में तथा संगठन प्रभारी आशीष यादव के संचालन में नगर निगम प्रशासन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए व्याप्त अव्यवस्था के खिलाफ युवक कांग्रेस ने आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष जायसवाल ने कहा कि नगर निगम में जब से भाजपा की सरकार बनी है तब से भ्रष्टाचार बढ़ गया है,जनता के टैक्स के पैसे का दुरूपयोग किया जा रहा है,लाखों रुपए खर्च कर,सड़क में सोलर लाइट लगा भारी भ्रष्टाचार को अंजाम दिया गया है,निर्माण कार्य हो ,चाहे टेंडर की प्रक्रिया हो सब पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ माह पूर्व शहर में जो डामर सड़के बनाई गयी है, उखड़ रही है। निर्माण एजेंसी और सड़कों के घटिया निर्माण को लेकर हर रोज न्यूज पोर्टल और अखबार में निगम सरकार की पोल खुल रही है। निगम में एक ही निर्माण का भुगतान अलग – अलग टेंडर के माध्यम से बार बार किया जा रहा है। जो कि सीधे तौर पर भ्रष्टाचार है,आशीष जायसवाल ने ज्ञापन में टेंडर प्रक्रिया की गड़बडिय़ों को भी जिक्र किया है। शहर में कई ऐसी व्यस्त सड़क है,जहां पर बड़े बड़े गड्ढे हो गए जिस पर निगम के अधिकारियो का कोई ध्यान नहीं है। गड्ढों के कारण सड़क हादसे भी हो रहे हैं,वहीं उन्होंने कहा कि शहर में गरीब गुमटी ठेले लगाने वालों से अत्यधिक राशि वसूली की जा रही है,आशीष यादव ने स्पष्ट तौर पर चेतावनी देते हुए कहा है,की गरीब लोगों को निगम प्रशासन परेशान करना बंद करे l उन्होंने कहा कि भवन अनुज्ञा देने में आमजन को परेशान किया जा रहा है,एवं भारी गड़बड़ी की जा रही है।