Chhattisgarh में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार पैर पसार रहा है। प्रदेश के तीन जिलों में इसका प्रकोप दिख रहा है l स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आते हुए मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री खंगाल रहा है l विशेष तौर पर दुर्ग जिले में रोजाना नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। मंगलवार क़ो दुर्ग में 4 नए मरीजों की पुष्टि हुई है, जिससे कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 17 पर पहुंच गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इनमें से 8 मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं।
दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्वास्थ्य अमला सक्रिय हो चुका है। विभाग की ओर से पॉजिटिव पाए गए मरीजों को तत्काल आइसोलेट किया जा रहा है और उनके परिजनों को क्वारंटाइन करने की प्रक्रिया में तेजी लाई गई है। इसके साथ ही, संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए सभी मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है ताकि कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग समय पर पूरी की जा सके। मामले में डॉ. सी.बी.एस. बंजारे (जिला महामारी नियंत्रक अधिकारी) ने बताया कि दुर्ग में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा है। पॉजिटिव मरीजों की विस्तृत ट्रैवल हिस्ट्री निकाली जा रही है और उसके आधार पर ही आवश्यक मेडिकल प्रोटोकॉल व रोकथाम की कार्रवाई की जा रही है।
