रायपुर l रामकृष्ण हॉस्पिटल के सिवरेज की सफाई के दौरान तीन श्रमिकों की मौत होने के मामले में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने अस्पताल का निरीक्षण किया साथ ही मृतकों के परिजनों से भी मुलाक़ात की l वहीं इस मामले में ठेकेदार के विरुद्ध जुर्म दर्ज करते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है l
रामकृष्ण हॉस्पिटल में हुए हादसे के बाद राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने रायपुर पंहुच कर अस्पताल का निरीक्षण किया साथ ही मृतकों के परिजनों से भी मुलाक़ात की l श्री गिल ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि परिवार के साथ मैंने आज मुलाकात की है बहुत दुख की घड़ी है…मैंने उनकी पूरी बातें सुनी की आखिर घटना कैसे घटित हुई थी, उस घटना में क्या हुआ यह जांच का विषय है l घटना स्थल पर हमने जांच की वहां पर कुछ खामियां हैं, रात में अस्पताल ने सफाई की अनुमति क्यों दी, यदि इनको काम करवाना था तो कॉरपोरेशन को सूचित करते, जो भी इसमें दोषी ठहराया जाएगा उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी l
सुप्रीम कोर्ट के गाइडलाइन के अनुसार तत्काल 30 लाख रुपए मृतक के परिजनों को दिया गया है। नौकरी व पुनर्वास के लिए जो भी सरकार की जिम्मेदारी होगी वह निर्वहन की जाएगी। वहीं पुलिस ने प्राथमिक जांच में ठेकेदार जिसने इस काम का ठेका लिया था, उसने बिना सेफ्टी उपकरण के श्रमिकों को टैंक में नीचे उतरवाया था, उसके खिलाफ FIR दर्ज की है l रायपुर पश्चिम DCP संदीप पटेल ने बताया कि अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जा रही है जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। पीएम रिपोर्ट आना अभी शेष है, पीएम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

