रायगढ़ l शहर मे मंगलवार को देवांगन समाज द्वारा श्री बूढ़ी माई भव्य कलश यात्रा निकाली गई l कर्मा नृत्य एवं बाजे गाजे के साथ निकली इस कलश यात्रा में श्री हनुमान जी एवं भगवान राधा कृष्ण की झांकियां आकर्षण के केंद्र रही l पूरे भक्ति भाव के साथ निकली कलश यात्रा के दौरान देवांगन समाज के लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला l इस कार्यक्रम के पश्चात देवांगन धर्मशाला में विशाल भंडारा का आयोजन किया गया जिसमें देवांगन समाज के अलावा अन्य विभिन्न समाज के लोगों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर उसका आनंद उठाया l उल्लेखनीय है कि युवा देवांगन बूढ़ी माई सेवा समिति एवं महिला समिति देवांगन समाज रायगढ़ द्वारा तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है जिसमें 15 फरवरी की शाम शिव बारात एवं शोभायात्रा निकाली गई थी l इसी तरह दूसरे दिन 16 फरवरी को गरबा एवं भजन संध्या का भव्य आयोजन हुआ l वहीं तीसरे दिन मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे देवांगन धर्मशाला से श्री बूढ़ी माई भव्य कलश यात्रा निकाली गई l देवांगन समाज के परंपरा अनुरूप विधिवत पूजा अर्चना के साथ यह कलश यात्रा निकली l रायगढ़ शहर के विभिन्न मार्गो से गुजरते हुए कलश यात्रा में शामिल कन्याओं की टोली दरोगा पारा स्थित बूढ़ी मांई तालाब पहुंची जहां पूजा अर्चना के बीच कलश में पवित्र जल लेकर पुनः शहर के विभिन्न मार्गो से गुजरते हुए देवांगन धर्मशाला पहुंची औऱ पूजा अर्चना की गई l इसी तरह कोस्टा पारा सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर कलश लेकर चल रही कन्याओं की देवांगन समाज द्वारा विधिवत पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया गया l इस दौरान समाज के सभी वर्ग के लोगों में भारी उत्साह का माहौल देखा गया l उल्लेखनीय है कि हर साल समाज के लोगों द्वारा धार्मिक व पूरे उत्साह के साथ श्री बूढ़ी माई भव्य कलश यात्रा निकाली जाती है l इस वर्ष भी यह कार्यक्रम धार्मिक व भारी उत्साह पूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ l समाज के बच्चे, युवा, महिला सहित सभी वर्ग के लोगों ने बड़ी संख्या में कार्यक्रम में हिस्सा लेकर यादगार बनाया जिसमें उड़ीसा के राउरकेला एवं झारसुगुड़ा की झांकियों ने शहर वासियों का मन मोह लिया l हनुमान जी एवं भगवान राधा कृष्ण के भेष मे इन झांकिया ने सभी का मंत्र मुग्ध कर दिया l शहर में पूरे कार्यक्रम के दौरान यह आकर्षण के केंद्र रही l इसी तरह देवांगन समाज की आराध्य देवी माता परमेश्वरी एवं अन्य देवी देवताओं की निकाली गई झांकी भी आकर्षण के केंद्र रही l माता कन्याओं की जगह-जगह पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया l

