रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम टेमटेमा में स्थित स्काई प्लांट के गेट पर खड़ी कबाड़ से भरी तीन गाडिय़ों को पुलिस ने जब्त किया है। जब्त वाहनों में दो रायगढ़ की तो एक ओडि़सा की बताई जा रही है। खाकी वर्दीधारियों को आते देख ट्रक के चालक मौके से फरार हो गये । फिलहाल किसी भी गाड़ी मालिक ने स्क्रैब परिवहन संबधित दस्तावेज पेश नहीं किये हैं। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
स्थानिय उद्योगों में अवैध रूप से कबाड़ खपाये जाने का खेल लंबे समय से चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार खरसिया क्षेत्र के ग्राम टेमटेमा में स्थित स्काई प्लांट में अवैध कबाड़ से भरी गाडिय़ां खाली होने की सूचना मिलने पर खरसिया पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। पुलिस टीम के प्लांट पंहुचने पर तीन गाडिय़ां प्लांट के गेट के सामने खड़ी मिली। वहीं पुलिस को आते देख गाडिय़ों के चालक मौके से फरार हो गये। बताया जा रहा है कि कंपनी परिसर में खड़ी गाडिय़ों में समर्सिबल पाईप,एंगल सहित अन्य प्रकार के कबाड़ लोड हैं। तीनों गाडिय़ों को जब्त कर पुलिस द्वारा थाना लाया गया है जिसमें गाड़ी क्रमांक सीजी 13 एजेड 0819, क्रमांक सीजी 13 एएन 7028 एवं ओडि़सा की गाड़ी ओआर 06 एच 7626 शामिल हैं। किसी भी गाड़ी मालिक द्वारा कबाड़ परिवहन सबंधित दस्तावेज पेश नहीं किया गया है जिससे माना जा रहा है कि अवैध कबाड़ गाडिय़ों से लाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा जल्द ही बड़ा खुलासा होने की संभावना है।

