रायगढ़ l पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज नहीं कराने पर इसे घोर अनुशासनहीनता मानते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण ने घरघोड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया था l विश्वस्त सूत्रों के अनुसार ब्लॉक अध्यक्ष शिव शर्मा ने नोटिस का जवाब दिया है l वहीं दिये गये जवाब से स्पष्ट हो रहा है कि संगठन में आपसी सामंजस्य की कमी है या फिर पार्टी में व्याप्त गुटबाजी उभर कर सतह पर आई है l शिव शर्मा ने अपने जवाब में कहा है कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए कारगिल चौक पर कार्यकर्ता मौजूद थे परन्तु जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कार्यक्रम की सही जानकारी नहीं दी गई l वहीं शिव शर्मा ने अपने जवाब में यह बात भी कही है कि जिला कांग्रेस कमेटी से भेजी गई कारण बताओ नोटिस आपकी गलतियों को छुपाने का प्रयास मात्र है l याने घरघोड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने सीधे तौर पर जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यप्रणाली पर ही सवाल खड़े कर दिये हैं l अब देखना यह होगा कि जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण इस पर क्या रुख अपनाती है l