पुसौर नगर पंचायत के 8 भाजपा पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा

रायगढ़। पुसौर नगर पंचायत में भाजपा के आठ निर्वाचित पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक रूप से त्यागपत्र देने की पेशकश की है। पार्षदों ने इस संबंध में जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान को आवेदन सौंपकर त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध किया है। आठ पार्षदों के एक साथ इस कदम से स्थानीय भाजपा संगठन में राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है।
पार्षदों ने आवेदन में कहा है कि वे सभी भाजपा के निर्वाचित पार्षद हैं, लेकिन नगर पंचायत के प्रशासनिक क्रियाकलापों, शासकीय कर्मचारियों और नगर पंचायत अध्यक्ष की कार्यप्रणाली से परेशान हैं। उन्होंने नगर पंचायत में विकास कार्यों की स्थिति को लेकर भी नाराजगी जताई है। पार्षदों का कहना है कि उनके वार्डों में पानी, बिजली, सड़क और नाली जैसे जरूरी काम नहीं हो रहे हैं। पार्षद निधि से होने वाले कार्य भी नहीं कराए जा रहे हैं।
पार्षदों ने आवेदन में यह भी कहा है कि अन्य शासकीय विभागों में भी उनके काम नहीं हो रहे हैं। शासकीय कर्मचारियों के रवैये और प्रशासनिक स्तर पर हो रहे कामकाज को लेकर उन्होंने गंभीर आपत्ति जताई है। पार्षदों ने कहा है कि लगातार बनी इस स्थिति से वे काफी परेशान और पीड़ित हैं।
आवेदन में पार्षदों ने अपनी नाराजगी के आधार पर भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक रूप से त्यागपत्र देने की बात कही है। जिला भाजपा अध्यक्ष को दिए गए आवेदन में उन्होंने स्पष्ट रूप से त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध किया है। आवेदन पर सभी आठ निर्वाचित पार्षदों के हस्ताक्षर भी हैं।