Jspl नोटिस के बाद भी फैला रहा प्रदूषण......दोबारा निरीक्षण में भी नहीं हुआ सुधार

Advertisement Carousel

raigarh । जिंदल स्टील एंड पावर पतरापाली से हो रहे वायु प्रदूषण को लेकर पर्यावरण विभाग ने कार्रवाई की है। पहले निरीक्षण में उत्सर्जित धुआं तय मानकों से अधिक प्रदूषित पाया गया। इसके बाद कंपनी को सुधार करने का नोटिस दिया गया। दोबारा जांच हुई तो भी कोई सुधार नहीं किया गया था। जेएसपीएल को दोबारा नोटिस देते हुए 30 हजार रुपए प्रतिदिन का जुर्माना लगाया जा रहा है।
प्रत्येक प्लांट की चिमनी से उत्सर्जित धुएं के लिए मानक तय हैं। ईएसपी को ऑनलाइन कनेक्ट किया गया है ताकि निगरानी की जा सके। तय मानकों से अधिक प्रदूषित धुआं छोडऩे पर पर्यावरण संरक्षण मंडल कार्रवाई करता है। जेएसपीएल को वायु प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम के तहत कन्सेन्ट दिया गया था जिसमें स्पष्ट है कि प्लांट से कभी भी वायु प्रदूषण नहीं किया जाएगा। वातावरण में छोड़े जाने रहे धुएं के लिए मानक तय किए गए हैं। 11 नवंबर को पर्यावरण विभाग की टीम ने जेएसपीएल पतरापाली का निरीक्षण किया था। इस दौरान पाया गया कि प्लांट के डीआरआई आरएमएचएस से उत्सर्जित धुआं मानकों से ज्यादा प्रदूषित था। जो इसके अलावा अंदरूनी सडक़ों पर डस्ट की मात्रा भी बहुत अधिक पाई गई जो वाहनों की आवाजाही होने पर बढ़ जाती है। पर्यावरण विभाग ने कंपनी को गैरजिम्मेदार मानते हुए कन्सेन्ट की शर्तों का पालन करने को कहा था। यूनिट को तुरंत बंद करने का आदेश भी दिया था। साथ ही जल्द से जल्द स्थिति में सुधार करने का नोटिस दिया था। सुधार न होने पर 30 हजार रुपए प्रतिदिन की दर से जुर्माना अधिरोपित करने की चेतावनी दी गई थी। सुधार नहीं पाए जाने पर कंपनी को 30 हजार रुपए प्रतिदिन की दर से अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। वहीं उद्योग को 15 दिनों की मोहलत दी गई है ताकि की जा रही कार्रवाई पर कोई आपत्ति हो तो प्रस्तुत कर सके।
दो दिन बाद जांच हुई तो भी हालात वही
पर्यावरण विभाग ने नोटिस के दो दिन बाद 13 नवंबर को पुन: निरीक्षण किया। इस दौरान जेएसपीएल प्लांट के डीआरआई किल्न 1, 2, 3, 4 और सिंटर प्लांट की चिमनी से अत्यधिक उत्सर्जन पाया गया। इसके अतिरिक्त ब्लास्ट फर्नेस इकाई एवं लाईम स्टॉक हाऊस से फ्यूजिटिव उत्सर्जन पाया गया। अंदरूनी सडक़ों में भी डस्ट से प्रदूषण मिला। पूर्व में दिए नोटिस का पालन करते हुए सुधार नहीं करने की वजह से प्लांट पर 30 हजार रुपए प्रतिदिन जुर्माना अधिरोपित किया गया है। यह जुर्माना तब तक लगेगा, जब तक कि उद्योग में सुधार नहीं हो जाता।