Pra ग्रुप और बर्बरीक प्रोजेक्ट पर आयकर छापेमारी के बाद कई कारोबारी हुए अलर्ट

Advertisement Carousel

raigarh । पीआरए ग्रुप और बर्बरीक प्रोजेक्ट पर आयकर छापेमारी से रायगढ़ में हडक़ंप मच गया है। तीन ब्रोकरों के ठिकानों पर भी आयकर टीम पहुंचने की खबर के बाद कई कारोबारी अलर्ट हो गए हैं। जल्द से जल्द लेन-देन के सारे सबूत मिटाने की कोशिश की जा रही है। मोबाइल और कंप्यूटर से डाटा डिलीट किया जा रहा है। प्रदेश में इनकम टैक्स विभाग ने करीब 50 ठिकानों पर एक साथ धावा बोला। बुधवार को शुरू हुई रेड में अब तक करीब 200 करोड़ से भी अधिक की वित्तीय गड़बड़ी सामने आने की जानकारी मिल रही है। रायगढ़ में 16 ठिकानों पर छापा मारा गया जिसमें मप्र, छग और आंध्र प्रदेश के करीब 100 अधिकारी शामिल थे। छत्तीसगढ़ के अलावा झारखंड और महाराष्ट्र में भी छापेमारी हुई। कई महीनों से कोयला, लोहा और सडक़ निर्माण कारोबार से जुड़े बर्बरीक कंस्ट्रक्शन और पीआरए समूह की जानकारी जुटाई जा रही थी। रायगढ़ में इस छापेमारी के बाद हडक़ंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि कई ब्रोकर अब अपने लेन-देन और बिलों की जानकारी डिलीट करने में लगे हैं। मोबाइल से कई रिकॉर्ड डिलीट किए जा रहे हैं। कंप्यूटर और लैपटॉप के हार्ड डिस्क भी निकाले जा रहे हैं। कोयला और स्टील के कारोबार का सबूत मिटाया जा रहा है ताकि आयकर विभाग बुलाए भी तो कुछ प्रमाण न मिले। कुछ कबाड़ी भी रडार में हैं जिन्होंने लंबे समय से स्क्रैप की सप्लाई की थी।
क्या-क्या कारोबार किया ब्रोकरों ने
रायगढ़ में पीआरए ग्रुप और बबरिक प्रोजेक्ट से संबंधित होने की वजह से ही अतुल मुंदड़ा, बंटी अग्रवाल और अंकित अग्रवाल गोपी स्टील पर भी छापा पड़ा। तीनों ने कई लेन-देन किए थे। इनके अलावा कई दूसरे फर्म भी हैं जिन्होंने कोयले और लोहे का काम किया है। कच्चे में प्रोडक्ट की खरीदी के बाद बिलों को दूसरे कारोबारियों को बेचा गया। वास्तविक कारोबार को छिपाने के लिए कैश में लेन-देन होने की संभावना जताई जा रही है। चल-अचल संपत्ति खरीदने में नकदी का उपयोग होने के प्रमाण भी मिले हैं। अघोषित आय के मामले में आयकर विभाग कार्रवाई कर रहा है।
बोगस बिलिंग और लागत बढ़ाने का खेल
जांच में कथित बोगस बिलिंग, प्रोजेक्ट की लागत बढ़ाकर दिखाने और सडक़ निर्माण के कारोबार में बेहिसाब कैश ट्रांजैक्शन भी सामने आया है। अब अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं कि कैश कहां से आया। पूरे ऑपरेशन की निगरानी मप्र और छग के आईटी इन्वेस्टिगेशन विंग के महानिदेशक बिजॉय कुमार पंडा के नेतृत्व में हो रही है। प्रिंसिपल डायरेक्टर रवि किरण और एडिशनल डायरेक्टर मोहल अग्रवाल भी शामिल हैं। जबकि डिप्टी डायरेक्टर नवल जैन फील्ड टीमों के साथ समन्वय कर रहे हैं। जांच का दायरा अंबिका पावर एंड शुगर, अविन्या बायो एनर्जी और कई हाईवे डेवलपमेंट वेंचर्स तक बढ़ गया है। रायगढ़ के उद्योगों में हिस्सेदारी की जांच की जा रही है।