raigarh श्रीराम के नाम पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं : शाखा यादव…….. सोमवार को कांग्रेस करेगी विरोध प्रदर्शन

raigarh । श्रीराम मंदिर, अयोध्या में चढ़ावे की कथित चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं के सामने आने के बाद देशभर के करोड़ों रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष माननीय दीपक बैज जी के निर्देशानुसार 13 जुलाई 2026 को रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी विरोध प्रदर्शन करेगी। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ द्वारा प्रमुख चौक-चौराहे पर नारे एवं स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव व ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी ने संयुक्त रूप से बयान जारी कर आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी वर्षों से भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करते हुए सत्ता प्राप्त करती रही है, लेकिन आज जब श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित वित्तीय अनियमितताओं और चोरी के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं, तब भाजपा और मंदिर प्रबंधन मौन साधे हुए हैं। यह मौन अनेकों संदेहास्पद सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था और विश्वास के केंद्र हैं। करोड़ों श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धापूर्वक अर्पित किए गए चढ़ावे की एक-एक पाई का हिसाब देश की जनता को मिलना चाहिए। यदि भ्रष्टाचार हुआ है तो दोषियों को किसी भी कीमत पर बचाया नहीं जाना चाहिए बल्कि बिना भेदभाव के कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए l
अध्यक्ष द्वय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी धर्म के नाम पर नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। आस्था के नाम पर यदि आर्थिक अनियमितताओं पर पर्दा डालने का प्रयास किया जाएगा, तो कांग्रेस भ्रष्टाचार के विरुद्ध पूरे देश में आवाज बुलंद करेगी।