आस्था के महापर्व के बीच एक रूह कंपा देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्रामीणों के साथ कावड़ यात्रा पर निकली 35 वर्षीय महिला मीना निषाद पर एक सिरफिरे बाइक सवार ने तेजाब उड़ेल दिया। यह खौफनाक हमला अरसनारा और रेवलीडीह के बीच सुनसान रास्ते पर घात लगाकर किया गया। उक्त वारदात दुर्ग जिले के ग्राम करंजा भिलाई की है l
हमले में महिला का चेहरा और शरीर करीब 25 प्रतिशत तक बुरी तरह झुलस गया है, जबकि पास खड़े उनके 11 वर्षीय बेटी गुंजन और 8 वर्षीय बेटे रवींद्र पर भी तेजाब के छींटे पड़े हैं। अचानक हुए इस जानलेवा हमले से पूरी कावड़ यात्रा में चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल मीना निषाद को तत्काल निजी शंकरा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़िता के पति संतोष निषाद ने बताया कि जब वे काम पर थे, तभी उन्हें पत्नी पर एसिड अटैक की खबर मिली। घर पहुंचते ही पत्नी दर्द से बुरी तरह कराह रही थी, जिसके बाद तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया l
सनसनीखेज वारदात की खबर मिलते ही हरकत में आई नंदिनी थाना पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस कायराना हमले के पीछे के असल मकसद का पर्दाफाश किया जा सके।
