Bjp का सेवादूत अभियान..... प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों में सेवा दूत उतारे जाएंगे

Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 2028 भले ही अभी दो साल दूर हों, लेकिन बीजेपी ने चुनावी तैयारियों का खाका अभी से तैयार करना शुरू कर दिया है l मिशन 2028 के लिए बीजेपी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति बनाई है l प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों में सेवा दूत उतारे जाएंगे l ये सेवा दूत 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक अपने-अपने क्षेत्रों में प्रवास करेंगे l जनता से सीधा संवाद करेंगे, सरकारी योजनाओं का फीडबैक लेंगे और संगठन की जमीनी स्थिति की रिपोर्ट तैयार करेंगे l इतना ही नहीं, 2023 में हारी हुई 36 सीटों पर बीजेपी का विशेष फोकस है l इन सीटों के लिए अलग रणनीति बनाई गई है l सवाल है कि क्या सेवा दूतों के जरिए बीजेपी 2028 की चुनावी जमीन तैयार कर रही है?
2028 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी दो साल का वक्त बाकी है, लेकिन बीजेपी ने चुनावी तैयारी के लिए संगठन को मैदान में उतारना शुरू कर दिया है l 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में सेवा दूत अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगे l बूथ, गांव और शहरी वार्डों तक पहुंचकर जनता से सीधा संवाद करेंगे तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे l साथ ही योजनाओं का लाभ लोगों तक कितना पहुंच रहा है, इसकी जमीनी पड़ताल भी करेंगे l
सेवा दूत सिर्फ योजनाओं का प्रचार ही नहीं करेंगे, बल्कि स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक, भोजन और संवाद के जरिए संगठन की स्थिति भी समझेंगे औऱ क्षेत्र की समस्याएं, जनता की नाराजगी, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सरकार के कामकाज को लेकर मिलने वाले फीडबैक को रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा l यानी पार्टी के लिए यह अभियान जनता के बीच अपनी पहुंच और संगठन की वास्तविक स्थिति जानने का एक जरिया भी होगा l बीजेपी का मिशन 2028 सिर्फ 90 विधानसभा क्षेत्रों में सेवा दूत भेजने तक सीमित नहीं है बल्कि पार्टी की सबसे बड़ी चुनौती उन 36 विधानसभा सीटों पर अपनी स्थिति मजबूत करने की है, जहां 2023 के चुनाव में उसे हार का सामना करना पड़ा था l 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 90 में से 54 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी औऱ कांग्रेस को 35 सीटें मिली थीं, जबकि एक सीट गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के खाते में गई थी l निगम-मंडल और संगठन के पदाधिकारियों को विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारी दी जा रही है l बूथों को भी तीन श्रेणियों में बांटकर रणनीति तैयार की गई है जिसमें रेड, येलो और ग्रीन श्रेणी है l रेड यानी ऐसे बूथ जहां बीजेपी कभी नहीं जीती, येलो यानी ऐसे बूथ जहां कभी बीजेपी तो कभी कांग्रेस को जीत मिली और ग्रीन यानी ऐसे बूथ जहां बीजेपी लगातार जीतती रही है l पार्टी की कोशिश रेड बूथों को येलो और येलो बूथों को ग्रीन श्रेणी में लाने की है l यानी कमजोर बूथों पर ज्यादा मेहनत और मजबूत बूथों पर अपनी पकड़ बनाए रखने की रणनीति है lकुल मिलाकर बीजेपी ने मिशन 2028 का होमवर्क दो स्तरों पर शुरू कर दिया है l एक तरफ 90 विधानसभा क्षेत्रों में सेवा दूतों के जरिए जनता और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद तो दूसरी तरफ 36 हारी हुई सीटों पर बूथवार रणनीति और निगरानी l अब दिसंबर में शुरू होने वाला सेवा दूत अभियान बताएगा कि बीजेपी को जमीन से क्या फीडबैक मिलता है और उस फीडबैक के आधार पर पार्टी अपनी चुनावी रणनीति में क्या बदलाव करती है l