जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि हमारी सरकार का संकल्प: सीएम विष्णु देव साय

Advertisement Carousel

Raigarh l भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया गया। धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित प्रदेश और केंद्र के कई बड़े नेता शामिल हुए। खराब विजिबिलिटी और लैंडिंग में तकनीकी अड़चन के चलते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके, लेकिन उन्होंने वर्चुअली सभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने जनजातीय समाज के योगदान को याद किया, तो मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र किया। इस दौरान करोड़ों रुपये की राशि का अंतरण और हितग्राहियों का सम्मान भी किया गया।
धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में प्रदेश की राजनीति के कई बड़े चेहरे एक मंच पर नजर आए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, वित्त मंत्री ओपी चौधरी के साथ उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजेश अग्रवाल और गुरु खुशवंत साहब कार्यक्रम में शामिल हुए। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद कमलेश जांगड़े, चिंतामणि महाराज, भोजराज नाग और महेश कश्यप सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।हालांकि खराब विजिबिलिटी और लैंडिंग में तकनीकी अड़चन के कारण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने वर्चुअली सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश सरकार को आयोजन की बधाई दी। भगवान बिरसा मुंडा और शहीद वीर नारायण सिंह को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। देश की आजादी में जनजातीय समाज का योगदान अमूल्य रहा है। नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन को सहेजने के साथ उसे आजीविका का साधन भी बनाया है। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर में जहां कभी बंदूकें चलती थीं, वहां अब खेल के मैदान बन रहे हैं और स्कूलों में जनजातीय बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। नक्सली हमलों में शहीद हुए जवानों को भी उन्होंने नमन किया। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय समाज के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना से प्रदेश के 6691 गांव लाभान्वित होंगे। वहीं विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास के लिए पीएम जनमन योजना शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि कोरवा जनजाति के लोगों को पक्के आवास, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाने में नितिन नवीन का बड़ा योगदान रहा है। भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान को याद करते हुए सीएम ने कहा कि देश की आजादी में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्हीं की स्मृति में हर साल जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने धान खरीदी व्यवस्था का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 3100 धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं, ताकि किसानों को धान बेचने के लिए लंबी कतारों में खड़ा न होना पड़े। समारोह में योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता का अंतरण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर बैगा-पुजारी सम्मान निधि की राशि अंतरित की। इस योजना से 3473 बैगा और पुजारी लाभान्वित हो रहे हैं। कुल 173 करोड़ 62 लाख रुपये की राशि का अंतरण किया गया। वहीं तेंदूपत्ता संग्रहण से जुड़ी 386 समितियों को 62 करोड़ 27 लाख रुपये वितरित किए गए। इसके अलावा शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति लोक कला महोत्सव के विजेता कलाकारों को सम्मानित किया गया।