रायगढ़। जिले के ग्राम धनुहार डेरा में भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु का पावन देव स्नान महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई श्री बलभद्र एवं बहन देवी सुभद्रा का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधानपूर्वक महाअभिषेक एवं देव स्नान कराया गया। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं ग्रामवासियों ने उपस्थित होकर प्रभु के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की। देव स्नान के उपरांत भगवान श्री जगन्नाथ का दिव्य गज वेश धारण कराया गया जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। धार्मिक मान्यता के अनुसार 108 कलशों के पवित्र जल से स्नान करने के बाद भगवान अस्वस्थ हो जाते हैं और उन्हें ज्वर (बुखार) आ जाता है। इसके बाद भगवान 15 दिनों तक अनवसर (अनासर) काल में विश्राम करते हैं। इस दौरान सेवायत प्रभु को औषधीय काढ़ा एवं विशेष भोग अर्पित करते हुए उनकी सेवा-सुश्रूषा करते हैं। जैसे परिवार का कोई सदस्य बीमार होने पर उसकी सेवा की जाती है। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ के जयघोष और भक्ति रस से सराबोर रहा।.जगन्नाथ मंदिर के पुरोहित बापी दाश जी के साथ ग्रामवासियों ने सेवा पूजा एवं आयोजन की व्यवस्थाओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना करते हुए जयघोष किए…..
