raigarh, पेट्रोल खत्म होने पर दूसरी बाइक चुराकर हुआ फरार………शातिर वाहन चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे

raigarh । चोरी हुई पल्सर बाइक के साथ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है । आरोपी के कब्जे से चोरी गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ ही चोरी की वारदात में प्रयुक्त दूसरी पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

     मिली जानकारी  के अनुसार  आशीष कुमार बान्डेकर निवासी पूंजीपथरा ने 27 जून को पूंजीपथरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने अपनी नई बजाज पल्सर 125 (क्रमांक CG-13-BD-2757) को 26 जून की रात घर की परछी में खड़ी किया था। अगले दिन सुबह उठने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में बीएनएस की धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

संदिग्ध युवक से पूछताछ में खुला चोरी का राज
आरोपी की पतासाजी के दौरान पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान महुआ चौक, तुमीडीह के पास एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता मिला। पूछताछ में वह अपना सही परिचय नहीं दे सका। थाना लाकर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राम सिदार बताया और बाइक चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी ने बताया कि वह चोरी करने के इरादे से अपनी पल्सर मोटरसाइकिल (CG-13-AY-7026) से पूंजीपथरा आया था, लेकिन रास्ते में पेट्रोल समाप्त हो जाने पर उसने अपनी बाइक को रायगढ़ आयरन प्लांट के पास झाड़ियों में छिपा दिया। इसके बाद वह पूंजीपथरा बस्ती पहुंचा और एक मकान की परछी में खड़ी बजाज पल्सर चोरी कर अपने घर ले जाकर छिपा दी।

दोनों मोटरसाइकिलें बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

    आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने उसके घर से चोरी गई बजाज पल्सर (CG-13-BD-2757) बरामद की तथा वारदात में प्रयुक्त उसकी पल्सर मोटरसाइकिल (CG-13-AY-7026) भी रायगढ़ आयरन प्लांट के पास झाड़ियों से जब्त की। मामले में कुल 2 लाख की संपत्ति जब्त की गई है, आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी राम सिदार पिता स्व. मोहन सिदार, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम चिराईपानी, थाना पूंजीपथरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
    इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक राजकुमार पैंकरा, आरक्षक विक्रम कुजूर, नरेन्द्र पैंकरा, विक्रांत भगत, हेम सागर पटेल एवं कीर्तन यादव की सराहनीय भूमिका रही।