रायगढ़। गांजा की तस्करी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 4.110 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है l
मिली जानकारी के अनुसार भूपदेवपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति प्लास्टिक बोरी में गांजा लेकर ग्राम बिंजकोट से ग्राम दर्रामुड़ा की ओर पैदल जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम बिंजकोट मेन रोड के पास घेराबंदी कर संदेही धनेश्वर कुम्हार (62 वर्ष), निवासी बिंजकोट कुम्हारडीपा को पकड़ा। विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास रखी प्लास्टिक बोरी से खाकी टेप में लिपटे गांजे के चार पैकेट बरामद हुए। तौल कराने पर कुल 4.110 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये है। पूछताछ में आरोपी ने गांजा बिक्री के उद्देश्य से रखने की बात स्वीकार की। विवेचना के दौरान धनेश्वर से पूछताछ में गांजा की खरीदी-बिक्री में ग्राम दर्रामुड़ा निवासी ठाकुर प्रसाद पटेल (39 वर्ष), पिता राम प्रसाद पटेल की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से गांजा बिक्री की रकम 500 रुपये भी बरामद कर जप्त की गई। दोनों आरोपियों को थाना भूपदेवपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी), 29 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
