Chhattisgarh बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने रैली निकाल क़र न केवल स्मार्ट मीटर का विरोध जताया बल्कि बिजली विभाग के मीटरों को जमीन पर पटक-पटक कर तोड़ दिया। वहीं विद्युत विभाग के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की l
दुर्ग कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब भिलाई से आई बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने बिजली विभाग के मीटरों को जमीन पर पटक-पटक कर तोड़ दिया। प्रदर्शनकारी महिलाएं राज्य सरकार और बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे नए स्मार्ट मीटरों का कड़ा विरोध कर रही थीं। कलेक्ट्रेट परिसर में ही महिलाओं ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि जब से घरों में ये नए स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, तब से बिजली का बिल सामान्य से कहीं अधिक आ रहा है। महिलाओं ने साफ कहा कि वे जितनी बिजली की खपत नहीं कर रहे हैं, उससे कई गुना ज्यादा का बिल उन्हें थमाया जा रहा है, जिससे आम जनता का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। इस विरोध प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी (AAP) का भी पूरा समर्थन मिला। पार्टी नेताओं ने प्रदर्शन में शामिल होकर बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि जिस तरह ईवीएम (EVM) को लेकर सवाल उठते हैं, ठीक उसी तरह इन स्मार्ट मीटरों में को भी हैक किया जा रहा है ताकि उपभोक्ताओं से ज्यादा पैसे वसूले जा सकें।
