Raigarh । आईपीएल सीजन के मद्देनजर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा ऑपरेशन अंकुश के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को साइबर थाना एवं चौकी खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने सक्रिय मुखबिरों से प्राप्त सूचना पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए खरसिया शहर के अलग-अलग तीन स्थानों पर दबिश दी, जहां से तीन सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में कुल 51 हजार नगद एवं तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अंकित अग्रवाल क्षेत्र का सक्रिय एवं बड़ा सट्टा संचालक पाया गया, जो लुक-छिपकर ऑनलाइन सट्टा संचालन कर रहा था l खरसिया क्षेत्र में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित होने की सूचना पर डभरा रोड खरसिया में अजय उर्फ रिंकु अग्रवाल द्वारा मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर रेड कार्रवाई कर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी अपने मोबाइल फोन के जरिए सट्टा संचालित कर रहा था। आरोपी के कब्जे से ₹30,000 नगद जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य दो साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी पतासाजी की जा रही है। वहीं रानीसती छपरी गंज खरसिया निवासी अंकित अग्रवाल मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट मैच में दांव लगाकर हार-जीत का खेल संचालित कर रहा है। पुलिस टीम ने नवीन स्कूल के पास गली रोड खरसिया में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। आरोपी के पास से एक मोबाइल बरामद हुआ, जिसमें ALLPANELEXCH एवं ALLPANELEXCH 9-CO जैसे व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सट्टा संचालन किया जा रहा था। आरोपी के कब्जे से ₹21,000 नगद जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क संचालित करना स्वीकार किया। आरोपी अंकित अग्रवाल (उम्र 37 वर्ष) निवासी रानीसती छपरी गंज खरसिया के विरुद्ध धारा 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। नया मंगल बाजार शेड खरसिया में एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा है। रेड कार्रवाई में आरोपी नरेंद्र राठौर (उम्र 34 वर्ष) निवासी सपिया चौकी फगुरम थाना डभरा जिला सक्ती को पकड़ा गया। आरोपी के पास से Realme कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। जांच में पाया गया कि आरोपी dollarbet.club वेबसाइट पर आईडी-पासवर्ड के माध्यम से आईपीएल मैचों में सट्टा संचालन कर रहा था। आरोपी ने सट्टा आईडी सपिया निवासी एक व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराना बताया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों और उनके 3 साथियों के विरुद्ध पृथक पृथक धारा 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई है।

