रायगढ़ l जिला अधिवक्ता संघ ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। थानों में वकीलों के साथ दुर्व्यवहार, अपमानजनक भाषा के प्रयोग और लॉकअप में बंद करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए अधिवक्ता संघ रायगढ़ ने बुधवार क़ो एसएसपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है।
दरअसल अधिवक्ता संघ रायगढ़ को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ पुलिसकर्मी पैरवी के लिए जाने वाले वकीलों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं कर रहे। आरोप है कि पुलिसकर्मी वकीलों से न सिर्फ दुर्व्यवहार करते हैं, बल्कि अपमानजनक भाषा का भी प्रयोग करते हैं।
अधिवक्ता संघ का कहना है कि कई मामलों में तो पुलिसकर्मियों ने वकीलों को ही लॉकअप में बिठाने की धमकी दे डाली। एक अधिवक्ता जब अपने पक्षकार की पैरवी के लिए थाने जाता है, तो उसके साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए, लेकिन यहां उल्टा हो रहा है। इस पूरे मामले को लेकर बार एसोसिएशन में भारी नाराजगी है। वकीलों का कहना है कि इससे न्यायिक प्रक्रिया बाधित होती है और अधिवक्ताओं के सम्मान को ठेस पहुंचती है।
इसी नाराजगी के चलते अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचा। संघ ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले से अवगत कराया और मांग की है कि थानों में पदस्थ पुलिसकर्मियों को अधिवक्ताओं के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करने के लिए सख्त निर्देश दिए जाएं। साथ ही दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाए।
