रायगढ़ l शहर के वार्ड नंबर 2 वार्ड नंबर 14 वार्ड नंबर 16 की सीमाओं में स्थित स्थित भुज बंधान तालाब के दिन अब बहुरने वाले हैं। वार्ड वासियों की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। वित्त मंत्री विधायक ओपी चौधरी के अथक प्रयासों से तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए 4 करोड़ 90 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। साफ-सफाई के अभाव के चलते यह तालाब लंबे समय से उपेक्षित रहा। चारों तरफ गंदगी, झाड़ियां और अंधेरा होने के कारण शाम होते ही यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता था, जिससे आसपास की महिलाओं और परिवारों को आने-जाने में भी डर लगता था। लेकिन अब इस स्वीकृति के बाद तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। इस राशि से तालाब का साफ सफाई, मजबूत फेंसिंग, चारों ओर आकर्षक वॉकिंग ट्रैक, महिलाओं के लिए सुरक्षित वॉकिंग ट्रैक, बच्चों के लिए झूले और खेलने की जगह, बुजुर्गों के लिए बैठने की सुंदर सीटिंग व्यवस्था, आधुनिक लाइटिंग, शौचालय और सुंदर गार्डन विकसित किया जाएगा। समुचित लाइटिंग व्यवस्था होने से अंधेरे की समस्या खत्म होगी और असामाजिक तत्वों से भी राहत मिलेगी।
यह सिर्फ एक तालाब नहीं, बल्कि शहर के बीचों-बीच एक सुंदर और सुरक्षित पार्क के रूप में विकसित होगा, जहां सुबह-शाम लोग सुकून के पल बिता सकेंगे।
विधायक ओपी चौधरी आम लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ में बदलाव का निरंतर प्रयास कर रहे हैं। इससे पहले ओपी के प्रयासों से इतवारी बाजार का कायाकल्प संभव हुआ।यह जगह ऑक्सी जोन के रूप में विकसित कर भव्य सिंदूर पार्क के रूप में लोकार्पित की जा चुकी है सिंदूर पार्क शहरवासियों की पहली पसंद बन गया है। इसके अलावा पहाड़ मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का कार्य भी तेजी से जारी है। रायगढ़ वासियों के लिए बदलाव का संकल्प पूरा होते नजर आ रहा है।
