रायगढ़ इस्पात प्लांट ले जा रहे कबाड़ के विरुद्ध पुलिस ने की कार्रवाई......... ट्रक चालक पर गिरी गाज

रायगढ़ । अवैध कबाड़ के परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने एक और कार्रवाई करते हुए 10 चक्का ट्रक से करीब 23.880 टन अवैध स्क्रैप जप्त किया है। ट्रक चालक ने भंगार रायगढ़ इस्पात प्लांट ले जाना बताया l इससे स्पष्ट है कि जिले के उद्योगों में कबाड़ खपाया जा रहा है लेकिन पुलिस केवल ट्रक चालक के विरुद्ध कार्रवाई कर अपनी पीठ स्वयं थपथपा लेती है l ट्रक मालिक कौन है, कबाड़ किसका है औऱ कहां खपाया जा रहा है इस प्रकार के सवाल हमेशा अनुत्तरीत रहते हैं l
अति पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गर्देशन एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन पर थाना प्रभारी पूंजीपथरा रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा अवैध कबाड़ परिवहन करने वालों पर लगातार निगरानी रखते हुए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक 10 चक्का ट्रक में अवैध स्क्रैप लोड कर रायगढ़ इस्पात प्लांट में अनलोड करने ले जाया जा रहा है। सूचना पर पूंजीपथरा पुलिस टीम ने रायगढ़ इस्पात मेन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध 10 चक्का ट्रक क्रमांक OR 15 R 2257 को पकड़ा। वाहन की जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में स्क्रैप कबाड़ लोड मिला। पुलिस द्वारा वाहन चालक स्युवीर सिंह पिता गुरूदयाल सिंह उम्र 51 वर्ष, निवासी ऐंठापाली, थाना बुडाराजा, जिला संबलपुर, ओडिशा से कबाड़ के संबंध में पूछताछ की गई। चालक द्वारा ग्राम रैमण्ड, संबलपुर से कबाड़ लेकर रायगढ़ इस्पात प्लांट में खाली करने जाना बताया गया, लेकिन कबाड़ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद वाहन में लोड स्क्रैप का कांटा कराया गया, जिसमें कुल 23 टन 880 किलोग्राम (23.880 टन) स्क्रैप पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹9 लाख 57 हजार है। पुलिस ने अवैध स्क्रैप एवं परिवहन में प्रयुक्त ट्रक को जप्त करते हुए कुल करीब ₹18 लाख की संपत्ति जप्त की है। मामले में आरोपी स्युवीर सिंह के विरुद्ध धारा 35(क)(5) BNSS/303(2) BNS के तहत कार्रवाई की गई है। गौरतलब है कि वाहन चालक ने रायगढ़ इस्पात प्लांट में खाली करने जाना बताया परन्तु इस दिशा में पुलिस क्या कार्रवाई कर रही इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है l वहीं हमेशा की तरह इस बार भी ट्रक चालक के विरुद्ध कार्रवाई कर पुलिस अपनी पीठ थपथपा रही है l