छत्तीसगढ़ बीजेपी अब मिशन 2028 के मोड में आ चुकी है l सरकार बने अभी ढाई साल भी पूरे नहीं हुए, लेकिन पार्टी ने अगला विधानसभा चुनाव जीतने की रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है l 12 और 13 मई को बीजेपी की बड़ी संगठनात्मक बैठक होने जा रही है जहां नई प्रदेश कार्यसमिति से लेकर कोर ग्रुप तक चुनावी गणित साधेगा l बूथ से लेकर बस्तर तक और महिला आरक्षण से लेकर नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ तक हर मुद्दे पर राजनीतिक धार तेज करने की तैयारी है जिस पर सियासत भी भारी है l
छत्तीसगढ़ बीजेपी अब सरकार चलाओ मोड से निकलकर 2028 जिताओ मोड में आ चुकी है l नई प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का रोडमैप तैयार होगा l यानि साफ है कि बीजेपी अब सत्ता की कुर्सी को सिर्फ संभालना नहीं चाहती, बल्कि उसे लंबे समय तक सुरक्षित रखने की तैयारी में जुट गई है l प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर कोर ग्रुप तक हर नेता को अब मिशन 2028 का टास्क दिया जाएगा l क्योंकि बीजेपी जानती है कि चुनाव सिर्फ रैलियों से नहीं, बूथ की बिसात से जीते जाते हैंl बैठक में नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ पर धन्यवाद प्रस्ताव भी लाया जाएगा, वहीं महिला आरक्षण मुद्दे पर कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाकर बीजेपी विपक्ष को भी घेरने की तैयारी में है l

