Raigarh । नाबालिग युवती को प्रेमजाल में फांसते हुए उसका दैहिक शोषण करने वाले युवक को पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है l उक्त मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है l
मिली जानकारी के अनुसार घटना के संबंध में बालिका ने शनिवार को अपने परिजनों के साथ थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि माह दिसंबर 2025 में स्कूल की छुट्टी होने पर वह अपने माता-पिता के पास पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के एक प्लांट की लेबर कॉलोनी में आई थी। उसी दौरान मकान के बगल में रहने वाले संदीप बंजारे से उसका परिचय हुआ। आरोपी ने प्रेम और शादी का झांसा देकर 26 फ़रवरी 2026 की दोपहर अपने कमरे में बुलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद आरोपी कई बार बालिका को डरा-धमकाकर और किसी को नहीं बताने की बात कहकर उसका शोषण करता रहा। बालिका ने बताया कि माता-पिता के नहीं रहने पर आरोपी उसे अपने कमरे में ले जाकर, उसके नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद, जबरन शारीरिक संबंध बनाता रहा। वहीं विगत शुक्रवार को आरोपी ने कंपनी के नए लेबर क्वार्टर में मिलने के लिए बुलाया था और शादी करने के बहाने बाहर चलने की बात कर रहा था। इसी दौरान परिजन खोजते हुए वहां पहुंचे और दोनों को देख लिया। बालिका की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी संदीप बंजारे के विरुद्ध बीएनएस की धारा 64(1) एवं 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी संदीप बंजारे, पिता जगदीश बंजारे, (उम्र 22 वर्ष ) निवासी सकरेली भाठा, थाना बाराद्वार, जिला सक्ती तथा वर्तमान पता तराईमाल थाना पूंजीपथरा को गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

