Raigarh । पुलिस ने बर्तन दुकान में चल रहे क्रिकेट सट्टा का खुलासा करते हुए दो खाइवालों को गिरफ्तार किया है l वहीं एक मुख्य खाईवाल खाखी वर्दीधारियों को आते देख फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है l पूंजीपथरा पुलिस और साइबर थाना द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई है l
पूंजीपथरा और साइबर थाना की संयुक्त टीम को सोमवार को सूचना मिली थी कि ग्राम गेरवानी में एक बर्तन दुकान के भीतर मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा। मौके पर आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल अपने साथी सुरेश अग्रवाल के साथ मोबाइल फोन के जरिए रुपये-पैसों का हार-जीत आधारित ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते मिला। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और नगद 17 हज़ार रुपये तथा आरोपी सुरेश अग्रवाल के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 1 हज़ार 4 सौ रुपये बरामद किया। पूछताछ में आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल ने बताया कि वह अपने साथी सुरेश अग्रवाल के साथ अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन और बारकोड भुगतान प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करता है । आरोपियों ने बताया कि सट्टे की राशि ग्राम गेरवानी निवासी खाईवाल रामफल अग्रवाल को नगद और डिजिटल भुगतान के जरिए पहुंचाई जाती थी। पुलिस टीम को देखकर रामफल अग्रवाल मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। वहीं पूंजीपथरा पुलिस द्वारा आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल और सुरेश अग्रवाल के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 एवं 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है l

