रायगढ़ । शहर के पचधारी डेम में रविवार दोपहर एक बार फिर दर्दनाक हादसा हो गया। डेम में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से 25 वर्षीय युवक अजय सिदार की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मृतक के शव को अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक अजय सिदार रियापाली गांव का रहने वाला था और NTPC लारा में काम करता था। बताया जा रहा है कि रविवार को छुट्टी होने के कारण वह अपने चार दोस्तों के साथ पचधारी डेम घूमने और नहाने पहुंचा था। खबरदूत को मिली जानकारी के अनुसार नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।