Raigarh l प्रज्ञा विद्यालय बोइरदादर मे विद्यालय,इप्टा रायगढ़ एवं राशू फाउंडेशन के सहयोग से प्रातःकालीन ग्रीष्मकालीन शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। शिविर में विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। उल्लेखनीय है की यह शिविर पूर्णतः निःशुल्क है और विद्यालय के क्षात्रों के अतिरिक्त कोई भी विद्यार्थी इस शिविर मे भाग ले सकता है.
शिविर के अंतर्गत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए योग, जुम्बा, लोक नृत्य, संगीत एवं नाट्य प्रशिक्षण जैसी विविध गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक एकाग्रता तथा रचनात्मकता का विकास हो रहा है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस शिविर का उद्देश्य बच्चों को केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि साहित्य एवं भारतीय संस्कृति से जोड़ना भी है। शिविर के दौरान विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सामाजिक सहभागिता की भावना भी विकसित की जा रही है।
विद्यालय प्रबंध ने कहा, कि
“ग्रीष्मकालीन शिविर बच्चों के छिपे हुए प्रतिभा को निखारने का एक उत्कृष्ट मंच है। इस प्रकार की गतिविधियाँ उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें संस्कृति एवं मूल्यों से जोड़ती हैं।” विद्यालय के शिक्षकगण भी सक्रिय रूप से विद्यार्थियों को शिविर में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक छात्र इस अवसर का लाभ उठा सकें। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से शिविर में भेजें, जिससे वे अपने अवकाश का सदुपयोग करते हुए नई-नई विधाओं को सीख सकें।